बर्फबारी से बंद रास्तों के कारण एक महिला को पिछले कई दिनों से इलाज नहीं मिल पा रहा है। भारी बर्फबारी से यमुनोत्री हाईवे बंद होने से नारायणपुरी गांव की एक बीमार महिला का जीवन संकट में पड़ गया है। परिजन बीमार महिला को अस्पताल नहीं पहुंचा पा रहे हैं।
बड़कोट थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नारायणपुरी गांव निवासी जयमाला देवी (28) पत्नी अनय सिंह की विगत 26 जनवरी को अचानक तबीयत खराब हो गई थी, लेकिन नारायणपुरी से हनुमानचट्टी तक सड़क बर्फ से पटी होने के कारण परिजन उसे अस्पताल नहीं पहुंचा सके।
इस बीच क्षेत्र में बिजली एवं दूरसंचार सेवाएं भी ठप होने से फोन पर भी सूचना नहीं पहुंचाई जा सकी। महिला के पति ने गांव से करीब एक किमी दूर स्थित जानकीचट्टी पुलिस चौकी में पहुंचकर मदद की गुहार लगाई।