केदारनाथ में सोमवार को तड़के से बर्फबारी शुरू हुई और दोपहर तक दो फीट नई बर्फ गिरी।
धाम में अब करीब 12 फीट बर्फ जमा हो गई है। जिले के अंतिम गांव तोषी में भी दो फीट बर्फ गिर गई है। पर्यटक स्थल चोपता, दुगलबिट्टा, बनियाकुंड सहित जखोली ब्लाक के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई है।
रातभर की बारिश के बाद सोमवार सुबह से निचले इलाकों में बारिश हो रही है। जबकि बीच-बीच में अचानक चटक धूप भी खिल रही है। दूसरी तरफ केदारनाथ में सोमवार तड़के 4 बजे से तेज हिमपात का सिलसिला बना रहा।
निम के मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि दो फीट से अधिक बर्फ धाम में गिर चुकी है। जबकि पहले से धाम में 10 फीट से अधिक बर्फ मौजूद है। धाम में प्रात: 6 बजे तापमान माइनस 2.9 डिग्री और दोपहर को माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खराब मौसम से पुनर्निर्माण कार्य भी बंद रहे। निम के सभी सदस्य अपने-अपने कैंपों में रहे।