उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में सोमवार तड़के बारिश और बर्फबारी होने की खबर है। जिससे उत्तराखंड के कई इलाके शीत लहर की चपेट में आ गए है।
बारिश और बर्फबारी से जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। गोपेश्वर में रविवार रात से हो रही जोरदार बारिश सोमवार सुबह तक जारी रही। वहीं बदरीनाथ समेत ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर हिमपात हुआ। बर्फबारी के कारण गोपेश्वर के पाणा, ईराणी, सलूड़, डुंग्रा, बमियाला और हापला घाटी के कई गांव के लोग घरों में कैद हो गए।
ठंड बढ़ने से लोग अपने घरों में दुबके हुए हैं। जोशीमठ-औली और गोपेश्वर-चोपता-ऊखीमठ मोटर मार्ग बर्फबारी से बंद हो गया है। श्रीनगर में भी बारिश लगातार जारी है।
नई टिहरी में सोमवार सुबह झमाझम बारिश हुई। जिसके बाद आसमान में बादल छाए रहे। कर्णप्रयाग में भी सोमवार सुबह भारी बारिश हुई, जिससे ठंड में इजाफा हो गया है।
उत्तराखंड में बिगड़ा मौसम का मिजाज
रविवार को उत्तराखंड प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बिगड़ गया। चारों धामों केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में जमकर हिमपात हुआ है।
केदारनाथ में दो दिन की चटख धूप के बाद रविवार दोपहर से बर्फबारी शुरू हो गई। चमोली जिले में बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब सहित ऊंची चोटियों पर जमकर हिमपात हुआ है। निचले इलाकों में दिनभर रुक-रुक बारिश होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
केदारनाथ में रविवार को सुबह से आसमान साफ रहा। इस दौरान चटख धूप खिली रही, लेकिन दोपहर डेढ़ बजे से यहां घने बादलों के छाते ही हल्की तेज बारिश के बाद बर्फबारी शुरू हो गई।
निम के मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि दो दिन मौसम ठीक होने पर कार्यों में तेजी आ गई थी, लेकिन पुन: बर्फबारी शुरू होने से मुश्किलें बढ़ गई हैं। जनपद के जखोली, गुप्तकाशी और ऊखीमठ क्षेत्र के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी दिनभर में कई बार तेज बारिश हुई।
शनिवार की रात मौसम ने ली करवट
चमोली जिले में रविवार को दिनभर मौसम खराब रहा। तड़के से ही बदरीनाथ धाम सहित हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, गौरसौं बुग्याल, औली, पनार बुग्याल और नंदा घुंघटी की चोटियों पर जमकर हिमपात हुआ।
शनिवार को चटख धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन रात को ही मौसम ने करवट बदली और रविवार को तड़के से ही आसमान में बादल छाए रहे। कुजौं-मैकोट, मोहनखाल, पाणा और ईराणी गांवों में भी बर्फबारी होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।
कर्णप्रयाग में ऊंची पहाड़ियों पर रुक-रुक कर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। देवाल के वाण, हिमनी, लोहाजंग, कुलिंग, बनाण तथा बिदना में रूक-रूक कर बर्फबारी हो रही है। इससे निचले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है।
सुरकंडा की चोटियों पर बर्फबारी
नई टिहरी में रविवार को सुबह से रिमझिम बारिश शुरू हो गई थी। प्रात: 10 बजे के लगभग बारिश कुछ देर के लिए थमी रही। सूर्यदेव के दर्शन भी हुए। फिर अपराह्न 12 बजे से शाम 3 बजे तक झमाझम बारिश का सिलसिला चलता रहा।
बारिश से ठिठुरन बढ़ गई है। अपराह्न के समय कद्दूखाल और सुरकंडा की चोटियों पर बर्फबारी हुई। लेकिन बर्फ जम नहीं पाई। रविवार को जिले में 10 एमएम बारिश रिकार्ड दर्ज की गई।
बर्फबारी से उपला टकनौर के लोग गांव में कैद
उत्तरकाशी में मौसम की बेरुखी उपला टकनौर क्षेत्र के लोगों पर भारी पड़ रही है। रविवार को फिर से क्षेत्र में बर्फबारी का सिलसिला शुरू होने पर लोग घर में कैद होकर रह गए हैं। फिलहाल हर्षिल तक हल्के वाहनों की आवाजाही जारी है। पिछले एक पखवाड़े से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है।
रविवार को जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली। दोपहर बाद निचली घाटियों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है। हिमपात होने से गंगा घाटी में गंगोत्री धाम सहित सुक्की, झाला, हर्षिल, धराली, मुखबा, यमुना घाटी में यमुनोत्री, खरसाली और हरकीदून घाटी में सांकरी, केदारकांठा क्षेत्र फिर से बर्फ की आगोश में है।
एक पखवाड़े पहले बर्फबारी से टूटी ग्रिड की लाइन अभी तक दुरुस्त नहीं होने से उपला टकनौर के सुक्की, झाला, जसपुर एवं पुराली गांव में बिजली गुल है। डीएम स्लाइड से हल्के वाहन ही पास हो रहे हैं।
हर्षिल के डा. नागेंद्र रावत, सुक्की गांव के गोविंद सिंह ने आरोप लगाया कि बर्फबारी से इतनी दिक्कत होने के बाद भी अभी तक प्रशासन को कोई नुमाइंदा यहां नहीं पहुंचा है।
रविवार को कहां कितना तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
स्थान - अधिकतम - न्यूनतम
केदारनाथ - 05 - -1
नई टिहरी - 9.2 - 3.7
पौड़ी - 11 - 07
उत्तराखंड के कई इलाके शीत लहर की चपेट में