प्रदेश के छह जिलों में आज ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार दोपहर से अगले 24 घंटे में देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में ओलावृष्टि और झक्कड़ की चेतावनी जारी की है। वहीं गढ़वाल और कुमाऊं के ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
केदारनाथ धाम में सामान्य नहीं हुए हालात
केदारनाथ धाम में मौसम सुधरने के चार दिन बाद भी हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। धाम अभी भी बर्फ से ढका है। यहां सात फीट से अधिक बर्फ जमी है। 21 जनवरी से पुनर्निर्माण कार्य ठप पड़े हैं। विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त होने से 23 दिन बाद भी बिजली सप्लाई बहाल नहीं हुई है। पेयजल लाइनों के बर्फ में दबे होने से पानी की आपूर्ति भी ठप पड़ी है। बुधवार को केदारनाथ में अधिकतम पारा 20 डिग्री व न्यूनतम माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वुड स्टोन के टीम प्रभारी कैप्टन सोबन सिंह बिष्ट ने बताया कि धाम में बिजली और पानी की सप्लाई ठप होने से वहां मौजूद 19 लोगों को अपनी जरूरतें पूरी करने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ राह है। कार्यस्थलों पर आदमकद से अधिक बर्फ जमी होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं। पैदल मार्ग पर भी तीन से पांच डिग्री तक बर्फ मौजूद है, जिससे आवाजाही करना मुश्किल है।