उत्तराखंड में पहाड़ों पर भारी बर्फबारी के बाद चल रही सर्द हवाओं के चलते प्रदेश में तेजी से ठिठुरन बढ़ी है। चमोली जिले में बृहस्पतिवार को भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में चटख धूप खिली रही। शाम होते ही निचले क्षेत्रों में सर्द हवाएं चलने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, घांघरिया, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, औली, गौरसों बुग्याल, चोपता, नंदा घुंघटी में बर्फबारी हुई। निजमुला घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी होने से ग्रामीणों के सामने आवाजाही और पेयजल का संकट गहरा गया है।
वहीं, जोशीमठ में निचले क्षेत्रों में बर्फबारी न होने से सेब काश्तकारों में मायूसी है। औली में अच्छी बर्फबारी हुई है लेकिन परसारी और सुनील गांव में कम बर्फबारी हुई है जो सेब की फसल के लिए पर्याप्त नहीं है। बर्फबारी से गोपेश्वर-मंडल-ऊखीमठ, जोशीमठ-औली के साथ ही बदरीनाथ हाईवे हनुमान चट्टी से आगे बंद पड़ा है।