नेपाल से भारत तस्करी कर लाए जा रहे लाखों के सामान को एसएसबी ने जब्त कर लिया। लेकिन तस्कर वहां से भाग निकले। एसएसबी की नाका पार्टी ने रविवार की रात नेपाल से भारत को तस्करी कर लाए जा रहे हेयर स्टेनर के पाउच पकड़े हैं।
एसएसबी की नाका पार्टी को देख तस्कर फरार हो गए। तस्कर ट्यूब के जरिए शारदा नहर पार कर बनबसा में प्रवेश करने की फिराक में थे। पकड़ा गया सामान खटीमा कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।
धनुषपुल स्थित एसएसबी 57 वीं वाहनी डी कंपनी की बंगाली कॉलोनी बीओपी के जवान एएसआई दयाराम के नेतृत्व में रविवार की रात सघन पैट्रोलिंग पर थे। जवानों को भारत नेपाल सीमा पर पिलर संख्या 803/10 के निकट भारतीय क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्ति नजर आए।
एसएसबी की नाका पार्टी उनके करीब पहुंचती इससे पहले ही वह भाग निकले। जवानों को वहां चार गत्ते के बॉक्स पड़े मिले, जिनमें हेयर स्टेनर के 380 पाउच थे।
एसएसबी डी कंपनी के कमांडर हर दत्त सिंह ने बताया कि पकड़े गए सामान की कीमत करीब 8 लाख 36 हजार रुपये है, जिसे खटीमा कस्टम के सपुर्द कर दिया गया। बताया कि रात के समय तस्कर शारदा नहर के रास्ते ट्यूबों पर नहर पार कर चंदफार्म, चूनाभट्टा गांव से होकर बनबसा पहुंचते हैं।