सेलाकुई थाना पुलिस ने रविवार को चकराता रोड पर सारना नदी पुल के पास चेकिंग के दौरान 141.12 ग्राम चरस के साथ हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के थाना सराह क्षेत्र के बागथन निवासी सुनील कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग कर रही है। इसी क्रम में रविवार शाम को सारना नदी पुल के पास आरोपी को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से चरस बरामद हुई। प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।