कोतवाली पुलिस ने एक युवक को शक्तिनहर के पुल नंबर दो के पास से 10.50 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पकड़े जाने पर आरोपी ने स्मैक को पेट दर्द की दवा बताया था।
बाजार चौकी प्रभारी संदीप कुमार मंगलवार शाम को क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने शक्तिनहर के पुल नंबर दो पास के एक युवक को देखा। पुलिस को देख युवक झाड़ियों की ओर जाने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर युवक को पकड़ लिया।
सीओ बीएल शाह ने बताया कि युवक ने जेब से एक पन्नी निकाल कर फेंकने का प्रयास किया। लेकिन, पुलिसकर्मियों ने उसका हाथ पकड़ लिया। युवक ने अपना नाम मार्टिनडेल निवासी जीशान बताया। पूछने पर उसने बताया कि पन्नी में पेट दर्द की दवा है। पुलिसकर्मियों ने जांच की तो पन्नी में 10.50 ग्राम स्मैक मिली। बताया आरोपी के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुंजाग्रांट के शहजाद से स्मैक खरीद कर लाया था। सीओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोतवाली में पूर्व में एनडीपीएस एक्ट और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं।