होशियार सिंह बुद्घुमल जैन बालिका इंटर कॉलेज में एनसीसी में चयन के लिए शिविर लगाया गया। इस दौरान विद्यालय की सोलह छात्राओं का चयन किया गया। एनसीसी अधिकारी रचना गुप्ता ने छात्राओं को एनीसीसी के माध्यम से करियर में मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रदेश की 11 यूके एनसीसी गर्ल्स बटालियन के तत्वाधान में लगाए गए शिविर में छात्राओं की आवश्यक नापतौल की प्रक्रिया को पूरा कराकर कैडेट के लिए उनका चयन किया गया। एनसीसी की विद्यालय यूनिट के लिए कुल 30 छात्राओं ने आवेदन किया था, जिनमें से सोलह छात्राओं को शारीरिक दक्षता के आधार पर चयनित कर लिया गया। इस अवसर पर विद्यालय की एनसीसी अधिकारी रचना गुप्ता ने कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। सेना भी महिलाओं के लिए एक बेहतर करियर बन रही है। उन्होंने छात्राओं को एनसीसी से होने वाले फायदों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कोर्स के विभिन्न प्रमाणपत्रों के आधार पर उन्हें सेना व पुलिस आदि की नौकरियों में प्राथमिकता दी जाती है। इस दौरान जीसीआाई पूनम जोशी, मंजू कैंतूरा व प्रधानाचार्य रेखा अग्रवाल मौजूद रहे।