- एआरटीओ और न्यायिक मजिस्ट्रेट के संयुक्त अभियान में आठ स्कूली वाहनों में मिली गंभीर लापरवाही
- किसी भी वाहन में नहीं मिली महिला अटेंडेंट, आकस्मिक दरवाजे भी ठीक से नहीं खुले
- स्कूली वाहनों समेत 31 के चालान व छह सीज, निजी वैन में ढोए जा रहे थे छह बच्चे
संवाद न्यूज एजेंसीविकासनगर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों की पोल परिवहन विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त जांच अभियान में खुल गई। एआरटीओ प्रवर्तन अनिल सिंह नेगी और न्यायिक मजिस्ट्रेट जतिन मित्तल की मौजूदगी में की गई पड़ताल के दौरान आठ स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई। अभियान के तहत स्कूली वाहनों समेत कुल 31 वाहनों के चालान किए गए, जबकि छह वाहनों को सीज कर दिया गया।
एआरटीओ नेगी ने बताया कि जांच के दायरे में आई छह स्कूली बसों और दो वैन में से किसी में भी महिला अटेंडेंट तैनात नहीं थी। सभी छह बसों में सीसीटीवी कैमरे नदारद मिले और उनके आकस्मिक दरवाजे भी ठीक से नहीं खुल रहे थे, जो किसी भी आपात स्थिति में बच्चों के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। इसके अलावा दो बसों में ओवरलोडिंग पकड़ी गई। एक बस में निर्धारित क्षमता से 10 और दूसरी में आठ बच्चे अधिक बैठाए गए थे। इन कमियों पर संचालकों को चेतावनी देते हुए चालान की कार्रवाई की गई।
एआरटीओ ने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को सुरक्षा के सभी मानक तत्काल पूरे करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई भी समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
निजी वैन सीज, रोडवेज बस का भी कटा चालान
जांच के दौरान एक निजी वैन का व्यावसायिक इस्तेमाल करते हुए उसमें छह स्कूली बच्चों को ले जाया जा रहा था। नियम विरुद्ध संचालन पाए जाने पर टीम ने वैन को सीज कर दिया। वहीं, एक रोडवेज बस में भी निर्धारित क्षमता से 10 सवारियां अधिक मिलने पर चालान किया गया। इसके अतिरिक्त बिना वैध फिटनेस, परमिट, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र के संचालित अन्य वाहनों पर भी शिकंजा कसा गया।