मंगलवार को भी देहरादून के कई लोगों के बैंक अकाउंट से रुपए निकालने की घटनाएं सामने आई हैं। एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने इस बात पुष्टि की है।
एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने मीडिया को बताया कि देहरादून के छह लोगों के बैंक अकाउंट से रुपए निकलने की शिकायत आई है। जयपुर के 13 एटीएम से पैसे निकाले गए हैं। देहरादून के 14 एटीएम ठगी के इन मामलों में शक के दायरे में है। वहां के सीसीटीवी कैमरे भी जांचे जा रहे हैं।
बैंक खातों से रकम उड़ाने वालों ने नेहरू कालोनी के तीन एटीएम से डाटा चोरी कर डुप्लीकेट एटीएम तैयार किए थे। एसआईटी द्वारा 27 पीड़ितों से बात कर यह नतीजा निकला। पीड़ितों ने आखिरी बार इसी एटीएम से रकम निकाली थी। इसी आधार पर एसबीआई के एक्सपर्ट की टीम के साथ इन एटीएम को खंगाला गया, जहां पर स्कीमिंग होने की पुष्टि हुई है।
नेहरू कालोनी में 15 जुलाई को ग्राहकों के खातों से रकम उड़ने की बात सामने आई थी। उसी रात पुलिस और एलआईयू ने शहर के एटीएम को चेक किया था। उस समय एटीएम क्लोन की बात सामने आई थी। दो दिन की जांच के बाद पुलिस निर्णायक नतीजे पर पहुंच गई। शिकायत दर्ज करने वाले करीब 27 लोगों के बयान दर्ज करने के दौरान यह बात सामने आई कि राजीव नगर और मोथरोवाला रोड के एटीएम से ही इन लोगों ने रकम निकाली थी।
उसी आधार पर सोमवार की सुबह एसबीआई की एक्सपर्ट टीम के साथ इन एटीएम में बारीकी से जांच पड़ताल की गई। इस दौरान यहां एम-सील चिपकी मिली, जिससे स्कीमिंग होने की पुष्टि हुई। यहां से डाटा चोरी कर बाद में डुप्लीकेट एटीएम तैयार कर जयपुर और दिल्ली से रकम निकाली गई। एसआईटी प्रभारी योगेश चंद का कहना है कि स्कीमर चिप लगाकर यह खेल किया गया है।