डीएम साहब, किरायेदार पिछले कई महीनों से किराया नहीं दे रहा और मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। डीएम सोनिका की अगुवाई में ऋषिपर्णा सभागार में लगे जनसुनवाई में व्हीलचेयर पर पहुंचे दिव्यांग ने जब उनसे मदद की गुहार लगाई तो उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट को जांच करने और किरायेदार पर कार्रवाई के आदेश दिए।
इस दौरान 66 शिकायतें आईं, जिनमें अधिकतर का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जन सुनवाई के दौरान जर्जर स्कूलों के भवनों, मसूरी में पोस्टमार्टम हाउस बनाने की मांग भी उठी। डीएम ने शिक्षा विभाग के अफसरों को जर्जर स्कूलों को चिह्नित कर नए स्कूलों का प्रस्ताव बनाने व सीएमओ को मसूरी में पोस्टमार्टम हाउस का प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।
डीएम ने वर्चुअल जुड़े एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने स्तर पर ज्यादातर समस्याओं का निस्तारण करें, ताकि लोगों को मुख्यालय तक की दौड़ न लगानी पड़े। उन्होंने विभागों से संबंधित समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से जो शिकायतें आ रहीं, उनका भी स्वत: संज्ञान लेते हुए निस्तारण के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें...Jubin Nautiyal: बेटे को देशद्रोही कहने पर डिप्रेशन में गई मां, जुबिन ने तोड़ी चुप्पी, सोशल मीडिया पर छलका दर्द
एक फरियादी ने राशन कार्ड का स्थानांतरण न होने की शिकायत की तो डीएम ने उपस्थित जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया। इसके बाद मौके पर समस्या का समाधान किया गया। इस मौके पर सीडीओ झरना कमठान, एडीएम केके मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चैहान, एसडीएम सदर नरेशचंद्र दुर्गापाल, प्रशिक्षु आईएएस वरुणा अग्रवाल, अपर नगर मजिस्ट्रेट मायादत्त जोशी, जिला पंचायतराज अधिकारी एमएम खान, जिला पूर्ति अधिकारी विपिन कुमार आदि मौजूद थे।