यमुनोत्री हाईवे पर बन रही प्रदेश की सबसे लंबी 4.5 किमी सिलक्यारा-पोलगांव सुरंग को आरपार कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी ब्रेक-थ्रू कार्यक्रम में शिरकत की। इससे पहले उन्होंने सुरंग के बाहर नवनिर्मित बाबा बौखनाग मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में विशेष पूजा अर्चना की।
वर्ष 2023 सिल्क्यारा-पोलगांव सुरंग निर्माण के दौरान भूस्खलन हो गया था। इस दौरान वहां पर 41 मजदूर फंस गए थे, जिन्हें 17 दिन चले रेस्क्यू के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इस हादसे के बाद यह सुरंग देश-दुनिया में चर्चा का विषय बन गई थी। वहीं बुधवार को इस 4.5 किमी लंबी सुरंग के आरपार होने के मौके पर एनएचआईडीसीएल और नवयुगा कंपनी की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में शिरकत करने सीएम पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्य सड़क परिवहन मंत्री अजय टम्टा भी पहुंचे। दोनों पहले सुरंग के बाहर नवनिर्मित बाबा बौखनाग मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। वहां पर उन्होंने बाबा के पश्वा का आशीर्वाद लिया। उसके बाद वह एनएचआईडीसीएल और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ पूरी सुरक्षा के बीच सुरंग के अंदर गए और वहां पर सुरंग के बचे हुए हिस्से को ब्रेक थ्रू कर बाबा बौखनाग के जयकारों के साथ आरपार कराया।
बाबा बौखनाग के मंदिर निर्माण का संकल्प भी पूरा
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय लोगों और एनएचआईडीसीएल को सुरंग ब्रेक थ्रू होने पर बधाई दी। कहा कि आज बाबा बौखनाग के मंदिर निर्माण का संकल्प भी पूरा हुआ है। सीएम ने पीएम नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड में कई बहुप्रतीक्षित योजनाएं चल रही हैं। सीएम धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सिलक्यारा हादसे के दौरान पूरी दुनिया मजदूरों की सलामती की दुआ कर रही थी। उस समय बाबा बौखनाग ने हमें आशीर्वाद दिया। उस समय प्रधानमंत्री एक अभिभावक की तरह लगातार पल-पल की जानकारी ले रहे थे। पूरा पीएम कार्यालय यहां मौजूद था। इस मौके पर विधायक सुरेश चौहान, दुर्गेश्वर लाल, संजय डोभाल, एनएचआईडीसीएल के एमडी डॉ. कृष्ण कुमार, सीईओ अमरेंद्र कुमार सिंह, जीएस मो.शादाब, डीएम डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें...Kedarnath Dham: यात्रा में घोड़ा-खच्चर बीमार हुए तो होंगे क्वारंटीन, कोटमा और फाटा में स्थापित किए गए सेंटर
ऑलवेदर रोड के कार्यों में मिसाल है सिलक्यारा सुरंग : टम्टा
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकास के नए आयाम हासिल कर रहा है। उन्होंने सिलक्यारा सुरंग के ब्रेक-थ्रू होने पर एनएचआईडीसीएल की पूरी टीम को बधाई दी। कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्य निष्ठा से ही यह संभव हो पाया है। वहीं ऑलवेदर रोड के कार्यों में इस सुरंग को देश में एक मिसाल के तौर पर याद किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कीं ये घोषणाएं
1. सिलक्यारा टनल का नाम बाबा बौखनाग के नाम पर किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
2. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गेंवला-ब्रह्मखाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा।
3. बौखनाग टिब्बा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
4. स्यालना के निकट हेलिपैड का निर्माण किया जाएगा।
कब-क्या हुआ
1. वर्ष 2016-17 में केंद्र सरकार ने ऑलवेदर रोड के तहत 4.5 किमी लंबी सुरंग निर्माण की स्वीकृति दी थी।
2. अक्बतूर-नवंबर 2018 में इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ था।
3. 12 नवंबर 2023 को निर्माणाधीन सुरंग में मलबा गिरने के कारण 41 मजदूर अंदर फंस गए थे।
4. 28 नवंबर 2023 को सभी मजदूर सुरक्षित निकाले गए।
5. अप्रैल 2024 में सुरंग में दोबारा काम शुरू हुआ।
6. मार्च 2025 में सुरंग के अंदर से मलबा पूरी तरह हटाया गया।
7. 16 अप्रैल 2025 को सुरंग ब्रेक-थ्रू के बाद हुई आरपार।