- बंदर दुकानों से उठा ले जा रहे सामान, रोजाना हो रहा हजारों का नुकसान
- स्कूली बच्चों को लेकर अभिभावक चिंतित, छावनी परिषद जल्द चलाएगा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
चकराता। छावनी बाजार क्षेत्र में बंदरों और आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। बंदरों के झुंड दुकानों में घुसकर सामान उठा ले जा रहे हैं। इससे व्यापारियों को रोजाना हजारों रुपये का नुकसान हो रहा है। वहीं, बाजार और रास्तों पर घूमने वाले आवारा कुत्तों के कारण स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं।
स्थानीय व्यापारी अमित अरोड़ा, राजेंद्र थापा, अरविंद कुकरेजा, दर्शन बिष्ट और खुशी राम कोठारी ने बताया कि बंदर दुकानों के बाहर और अंदर रखे खाद्य पदार्थों समेत अन्य सामान उठा ले जाते हैं। उन्हें भगाने की कोशिश करने पर कई बार वह आक्रामक हो जाते हैं। इससे ग्राहकों को भी खरीदारी करने में परेशानी होती है।
बच्चों को स्कूल भेजने में डर रहे अभिभावक
स्थानीय महिलाओं रेखा राणा, ममता देवी, बाला चौहान, मीना नेगी और बबीता चौहान ने बताया कि सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को रास्तों में बंदरों और कुत्तों का सामना करना पड़ता है। छोटे बच्चों पर हमले की आशंका बनी रहती है।
पर्यटन स्थल की छवि पर भी पड़ रहा असर
स्थानीय लोगों ने छावनी परिषद से बंदरों को नियंत्रित करने और आवारा कुत्तों का टीकाकरण व नसबंदी कराने की मांग की है। छावनी परिषद के प्रशासनिक अधिकारी संदीप जोशी ने बताया कि बंदरों को पकड़ने के लिए संबंधित लोगों से संपर्क किया जा रहा है। आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के लिए पशु चिकित्सक से समन्वय किया जा रहा है। जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।