- 41 बच्चों की पढ़ाई और स्कूल प्रबंधन प्रभावित, बालक-बालिकाओं के लिए एक ही शौचालय
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। ब्लाॅक के देवथला लोअर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक की कमी और अधूरी बुनियादी सुविधाओं के बीच 41 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय में एक ही शिक्षक के जिम्मे शिक्षण और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी दोनों हैं। वहीं, बालक-बालिकाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था भी नहीं है। एकमात्र शौचालय जर्जर स्थिति में है। इससे पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय की व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
विद्यालय में 20 अक्तूबर को व्यवस्था पर तैनात शिक्षिका के रिलीव होने के बाद से शिक्षकों की कमी बनी है। अब तक नए शिक्षक के कार्यभार ग्रहण न करने से विद्यालय सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे चल रहा है। ऐसे में सभी बच्चों को पर्याप्त समय देना और शिक्षण कार्य के साथ विद्यालय की अन्य व्यवस्थाएं संचालित करना एक शिक्षक के लिए चुनौतीपूर्ण बना है।
बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय न होने से स्वच्छता और बालिकाओं की निजता प्रभावित हो रही है। वहीं, मौजूद शौचालय जर्जर स्थिति में होने से बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जुलाई में विधायक ने विद्यालय के निरीक्षण के दौरान टीनशेड, शौचालय और दो कक्षों के निर्माण का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र तोमर ने बताया कि शौचालय निर्माण के लिए कई बार विभाग को मांग भेजी गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
विद्यालय में स्थानांतरित शिक्षक को कार्यभार ग्रहण करने का पत्र प्राप्त हो चुका है। वह जल्द ही विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करेंगे। शौचालय निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृत राशि मिलते ही निर्माण कराया जाएगा। - विनीता नेगी कठैत , खंड शिक्षा अधिकारी