मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे व्यापार मंडल जाखन के सदस्य।
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के नोटिस के खिलाफ दुकानदारों ने बेमियादी धरना शुरू कर दिया है। सोमवार को राजपुर क्षेत्र के व्यापारी जाखन स्थित पुलिस चौकी के पास धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी यदि सरकार ने दुकानदारों के हित में जल्द अध्यादेश नहीं लाया तो वह चक्काजाम, प्रदर्शन और रैली निकालेंगे। सुबह व्यापारी जाखन स्थित चौकी के पास एकत्र हुए और धरना-प्रदर्शन शुरू किया। उसके बाद एमडीडीए के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। दुकानदारों ने कहा लंबे समय से वह आवासीय भवनों में दुकान खोलकर आजीविका चला रहे हैं। लेकिन, एमडीडीए की ओर से पिछले महीने भेजे गए नोटिस से सभी परेशान हैं। जाखन व्यापार मंडल के संयोजक जगदीश चौहान ने कहा कि एमडीडीए दुकानदारों को ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) के जरिये कम्पाउंडिंग कराने को कह रहा है। साथ ही पार्किंग आदि देने की भी बात कही जा रही है। लेकिन, जो दुकानें पहले से छोटी हैं, वहां कम्पाउंडिंग कैसे होगी? उससे तो दुकान खत्म हो जाएगी। इससे दुकानदार बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को दुकानदारों के पक्ष में अध्यादेश लाना चाहिए। यदि सरकार से राहत नहीं मिलती तो वह उग्र आंदोलन करेंगे। बता दें एमडीडीए ने राजपुर क्षेत्र के साथ ही जीएमएस रोड, मसूरी रोड, बंजारावाला, आईएसबीटी, माता मंदिर रोड आदि के दुकानदारों को नोटिस भेजे हैं। इसके तहत 31 दिसंबर तक कम्पाउंडिंग के आदेश दिए गए हैं। मौके पर राजीव अरोड़ा, चेतन ओबेराय, राजेश, प्रेम साहू, अनुज सक्सेना, तरुण ओबेराय आदि मौजूद रहे।
आज मुख्यमंत्री से मिलेंगे व्यापारी
देहरादून। दून उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विपिन नागलिया और भाजपा प्रदेश महामंत्री अनिल गोयल ने कहा कि दुकानदारों और अतिक्रमण की समस्या को लेकर आज मंगलवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से वार्ता की जाएगी। पहले सोमवार को मुलाकात की जानी थी, लेकिन, समय नहीं मिलने के चलते प्रतिनिधिमंडल नहीं गया। इसके बाद सरकार से राहत नहीं मिलती तो चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
दुकानदार बोले, कोर्ट जाएंगे
धरना प्रदर्शन के दौरान दुकानदारों ने कहा कि वह एमडीडीए की ओर से भेजे गए नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट भी जाएंगे। दुकानदारों को नोटिस भेजना पूरी तरह गलत है। सरकार को दुकानदारों का उत्पीड़न रोकना चाहिए।