पहाड़ों की रानी मसूरी में कोरोना काल में ठप गतिविधियां धीरे-धीरे शुरू होने लगीं हैं। शहर में एक बार फिर हिंदी-गढ़वाली फिल्मों की शूटिंग शुरू होने से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में खुशी है।
शहर में लंबे समय बाद मंगलवार को लघु फिल्म कुफूकू और गढ़वाली एलबम तेरु मेरु मिलण की शूटिंग शुरू हुई। मालरोड सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर कई दृश्य फिल्माए गए। इससे शहर की रौनक एक बार फिर लौटने लगी है। इससे शहर के तमाम व्यवसायियों में उत्साह है। मुंबई से आए फिल्म निर्देशक प्रदीप नागर ने कहा कि ऐसा कौन होगा जो मसूरी जैसे शहर में नहीं आना चाहेगा। कहा कि फिल्मों की शूटिंग के लिए यह सबसे सुंदर और सुरक्षित स्थान है। उन्होंने कहा कि कोरोना ने घर में रहने के लिए मजबूर कर दिया था। इससे जिंदगी घुटन भरी हो गई थी, लेकिन अब चीजें धीरे धीरे पटरी पर लौट रही हैं।
उन्होंने कहा कि मसूरी में काम करने में अलग ही खुशी मिल रही है। बताया कि लघु फिल्म कुफूकू की मसूरी में तीन दिन तक शूटिंग की जाएगी। लघु फिल्म में मुख्य भूमिका में अभिनेता जतीन सरना और बॉलीवुड एवं साउथ फिल्मों की नायिका अदा शर्मा हैं। फिल्म की शूटिंग मसूरी में करने के लिए अभय बिज्लवाण, डब्बू शर्मा, लोकपाल सिंह और धनवीर सिंह का विशेष सहयोग रहा है।
वहीं, गढ़वाली एलबम तेरु मेरु मिलण की शूटिंग भी शहर के मालरोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुई। एलबम में मुख्य भूमिका में रणवीर और निकिता बुटोला हैं। इसके निर्देशक विजय भारती हैं। वहीं, गीतों को साहब सिंह रमोला ने स्वर दिया है।