सहसपुर ब्लॉक की मिसरास पट्टी के बुटोली गांव के मुख्य मार्ग पर बहने वाला शेरूखाला एक बार फिर से उफान पर आ गया है। जिसके कारण ग्रामीणों का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से कट गया है। दो दिन तक शांत रहने के बाद शेरूखाला में एक बार फिर से तेज बहाव का पानी बहने लगा है। क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण पानी के और अधिक बढ़ने की आशंका भी ग्रामीण जता रहे हैं।
बताते चलें पिछले सप्ताह नाले में आए तेज बहाव के पानी ने गांव के लिए बनाई गई 50 मीटर सड़क को अपने साथ बहा लिया है। जिसके कारण ग्रामीणों को अपनी जान को जोखिम में डालकर गांव में आवाजाही करनी पड़ रही थी। रविवार की सुबह नाले के उफान पर आने से गांव में रह रहे 12 परिवार के सदस्यों की मुश्किल बढ़ गई है। ग्रामीण संजय रावत, राजेश थापली, सतीश, सुनील आदि ने बताया यदि पूर्व की भांति चार-पांच दिन तक लगातार नाला उफान पर रहता है तो इससे समस्या और अधिक बढ़ जाएगी। उधर तहसीलदार विवेक राजौरी ने बताया क्षेत्रीय पटवारी को मौका मुआयना करके रिपोर्ट प्रेषित करने के लिए कहा गया है।