गंगोत्री नेशनल पार्क की नेलांग घाटी में दुर्लभ अरगली भेड़ को देखा गया है। तिब्बत और कजाकिस्तान के ऊंचे पठारों में पाई जाने वाली भेड़ की इस प्रजाति को पहली बार उत्तराखंड में देखा गया है। नेलांग के सुंगला क्षेत्र में वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (डब्लूआईआई) की ओर से लगाए गए कैमरों में अरगली की तस्वीरें कैद हुईं हैं।
करीब 11 हजार फीट की ऊंचाई पर लगाए गए इन कैमरों में अरगली की तस्वीरें ट्रैप होने से डब्लूआईआई और वन विभाग बेहद उत्साहित हैं। अधिकारियों का मानना है कि इन कैमरों की मदद से नेशनल पार्क में और भी दुर्लभ जीवों को ढूंढा जा सकता है।
डब्लूआईआई के डा. एस. सत्य कुमार बताते हैं कि अरगली (वैज्ञानिक नाम : ओविस एम्मोन) जंगली भेड़ की प्रजाति है, जो आमतौर पर तिब्बत और कजाकिस्तान के ऊंचे पठारों में पाई जाती है। भारत में लद्दाख में इसे देखा गया है।