आईएमए यूनिसन विवि में सेमिनार में शामिल होने आई देश की पहली किन्नर विधायक शबनम मौसी ने आह्वान किया कि देश में फैले भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए किन्नरों को राजनीति में आना चाहिए। उन्होंने किन्नरों को आरक्षण देने की मांग की।
शबनम ने बताया कि जब उन्होंने चुनाव जीता था तब उनका केवल 1.25 लाख रुपये खर्च आया था, लेकिन इसके बाद के चुनाव में वह शराब के आगे हार गई। कहा कि भ्रष्टाचार खत्म करना है तो किन्नरों को राजनीति में उतरना ही होगा।
शुक्रवार को आईएमएस यूनिसन विवि में लॉ विभाग की ओर से ‘थर्ड जेंडर राइट्स: इमर्जिंग ट्रेंड्स एंड इश्यूज’ विषय पर दो दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का शुभारंभ राज्य उपभोक्ता निवारण आयोग के अध्यक्ष जस्टिस बीएस वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के फैसले से किन्नरों को विभिन्न सेवाओं में अपना प्रतिनिधित्व करने का अधिकार मिला।
समारोह में देश की प्रथम ट्रांसजेंडर विधायक शबनम मौसी बानो ने किन्नरों के साथ समाज में होने वाले भेदभावों के बारे में बात की। सेमिनार में पहले दिन 40 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। इस दौरान विवि के कुलाधिपति डॉ. एमपी जैन, कुलपति डॉ. दिलीप कुमार बंद्योपाध्याय, शालिनी सक्सेना, प्रो. एके कान्त्रू सहित विवि के छात्र मौजूद रहे।