लक्सर क्षेत्र के गांव में घर में सो रही नाबालिग किशोरी के साथ गांव के ही दो युवकों ने दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी का शोर सुनकर परिजन मौके पर आ गए। जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। नाबालिग के परिवार वालों की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही किशोरी का मेडिकल भी कराया है। किशोरी व आरोपी युवकों के अलग-अलग समुदाय के होने के चलते गांव में तनाव बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी एक व्यक्ति ने लक्सर कोतवाली पुलिस को बताया कि सोमवार रात उसकी 16 वर्षीय बेटी अपने मकान की प्रथम मंजिल पर बने कमरे में सोई हुई थी। इसी बीच छत के रास्ते से दो युवक उसकी बेटी के कमरे में घुस गए। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी का शोर सुनकर परिवार के कई लोग मौके पर आ गए। परिवार वालों को आता देख आरोपी युवक उन्हें धक्का देकर मौके से फरार हो गए।
मामला दो समुदाय का होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। परिवार के लोग किशोरी को साथ लेकर लक्सर कोतवाली पहुंच गए तथा घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने परिवार वालों की शिकायत पर आरोपियों की तलाश में छापा मारा, लेकिन वह हत्थे नहीं सके। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर शाकिब पुत्र दिल्लू व गालिब पुत्र गुलजार के खिलाफ पोक्सो व दुष्कर्म के प्रयास में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही किशोरी का मेडिकल कराया जा रहा है।
किशोरी से दुष्कर्म मामले में कनखल पुलिस ने नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। तीन दिन पूर्व कनखल क्षेत्र की एक महिला ने मुकदमा दर्ज कराया था कि उसकी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर एक युवक ने दुष्कर्म किया। आरोप था कि कुछ दिन बाद दोस्त धर्मवीर पुत्र राम सिंह के साथ मिलकर भी उसकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। बेटी की तबियत खराब होने पर जब उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया तो पता चला था कि वह पांच माह की गर्भवती है।
तब मामले की हकीकत पता चली थी। आरोप था कि बेटी को इस संबंध में कुछ भी जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। आरोपी राजेश और उसके परिजन ने क्षेत्र के आमजन के दबाव डालने पर उसकी बेटी को अपना लिया था और बालिग होने पर शादी कर लेने का भरोसा भी दिलाया था। दिसंबर में प्रसव पीड़ा होने पर आरोपी राजेश और उसके परिजन उसकी बेटी को महिला अस्पताल में भर्ती कराया था लेकिन फिर वे उसकी बेटी को छोड़कर चले गए थे। उस दौरान उसकी बेटी ने एक बच्चे को जन्म दिया था। एसओ कनखल हरिओमराज चौहान ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मंगलौर में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पीड़ित बच्ची का रिश्तेदार है। नगर के मोहल्ला निवासी व्यक्ति की सात साल की मासूम बेटी के साथ एक शख्स ने दुष्कर्म किया था। मासूम को घायलावस्था में ऋषिकेश एम्स में ले जाया गया था, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ की घटना को अंजाम देने वाला कोई पारिवारिक व्यक्ति ही है। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को झबरेड़ा तिराहे से गिरफ्तार कर लिया, पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि आरोपी बच्ची का रिश्तेदार है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मदरसे से छुट्टी हो जाने के बाद बच्ची को बाइक पर अपने साथ लिब्बरहेडी के जंगल में ले गया था। बाद में बदहवास हालत में उसके घर के पास छोड़ गया था। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई आमिर खान, एसआई शहजाद अली, एसआई रेखा पाल शामिल रहे।