देहरादून। यूकॉस्ट में आयोजित तीन दिवसीय सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल का शनिवार को समापन हुआ। साथ ही नौवें टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड समारोह का भी आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा, शोध और नवाचार में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 41 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव नियोजन डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में प्रगति के बिना विकसित राष्ट्र संभव नहीं। उन्होंने शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों से विकसित भारत व उत्तराखंड के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया। केंद्र सरकार ने वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। उत्तराखंड ने भी इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विजन दस्तावेज तैयार किया है।
गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप को वाइस चांसलर ऑफ द ईयर सम्मान मिला। यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज के कुलपति डॉ. सुनील रॉय को भी यह सम्मान प्रदान किया गया। विभिन्न श्रेणियों में कुल 41 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। पुरस्कारों का चयन उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. तृप्ति ठाकुर की अध्यक्षता वाली समिति ने किया।
फेस्टिवल के अंतिम दिन सचिव दीपक कुमार ने विद्यार्थियों के साथ ड्रोन तकनीक की संभावनाओं पर चर्चा की। जेबीआईटी इंस्टीट्यूट के सहयोग से ड्रोन का प्रदर्शन भी हुआ। उत्तराखंड साइंस मीडिया एंड कम्युनिकेटर्स मीट में डॉ. नितिन उपाध्याय ने विद्यार्थियों के साथ विज्ञान संचार की भूमिका पर विचार साझा किए। ड्रोन टेक्नोलॉजी पर एक कार्यशाला भी आयोजित की गई।
मेडिटेक कॉन्क्लेव में मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस और नर्सिंग के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें चिकित्सा और प्रौद्योगिकी के समन्वय पर विचार-विमर्श हुआ। चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना और अन्य विशेषज्ञों ने तकनीक के बढ़ते प्रभाव पर बात की। बौद्धिक संपदा अधिकार, कॉपीराइट और पेटेंट पर चर्चा की गई।