छापुर क्षेत्र के गांवों में बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। संदिग्ध बुखार से ग्रसित मामले लगातार सामने आ रहे हैं। छापुर और सिरचंदी गांव से बुखार से तीन और संदिग्ध मरीज सिविल अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। वहीं, बुधवार को एक युवक की मौत हो गई थी। अब तक मौतों का आंकड़ा करीब एक दर्जन पहुंच चुका है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार प्रभावित गांवों का दौरा कर रही हैं।
भगवानपुर क्षेत्र के छापुर और सिरचंदी गांव में संदिग्ध बुखार से पिछले दिनों सात ग्रामीणों की मौत का मामला सामने आया था। इसके बाद दो और ग्रामीणों की मौत हो गई थी। बुधवार को भी एक युवक की मौत का मामला सामने आया था जबकि संदिग्ध बुखार से ग्रसित कई ग्रामीणों का उपचार सिविलअस्पताल रुड़की, भगवानपुर समेत सहारनपुर के अस्पतालों में चल रहा है।
बृहस्पतिवार को छापुर के पवन और सिरचंदी के जुनैदी और फराह को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों संदिग्ध बुखार से ग्रसित बताए जा रहे हैं। डॉक्टरों की देखरेख में मरीजों का उपचार चल रहा है। सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम को लगातार दौर कर ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा के लिए सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती करने के निर्देश दिए हैं।