पूर्व पुलिस महानिदेशक बीएस सिद्धू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए जिला जज कोर्ट में राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान ने परिवाद दिया है। जिस पर कोर्ट ने सुनवाई के लिए 11 मार्च की तिथि नियत की है। याची का कहना है कि वह काफी समय से राजपुर क्षेत्र में हुए जमीन के फर्जीवाड़े में सिद्धू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।
राजपुर थाना क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त में फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए रविंद्र जुगरान ने एक साल पहले पूर्व डीजीपी बीएस सिद्धू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को परिवाद कोर्ट में दिया था। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने इस मामले में राजपुर और कोतवाली पुलिस से रिपोर्ट तलब की थी।
इसके बाद में यह मामला एसीजेएम तृतीय की कोर्ट में स्थानांतरित हो गया था। कोर्ट ने सुनवाई के बाद इस प्रार्थना पत्र को निरस्त कर दिया था। याची ने बताया कि जिला जज की कोर्ट में 156 (3) के तहत मुकदमा दर्ज कराने के लिए परिवाद दिया है, जिस पर 11 मार्च को सुनवाई होगी।