वरिष्ठ पत्रकार और ज्योतिषाचार्य जयकृष्ण शाह का बार्सिलोना स्पेन में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही शहर के पत्रकार, साहित्यकार और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। सभी ने उसकी मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। जयकृष्ण शाह 59 वर्ष के थे। वह अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्रियों को भरापूरा छोड़ गए हैं।
जयकृष्ण शाह के बड़े भाई और इतिहासकार जयप्रकाश उत्तराखंडी ने बताया कि 14 अक्तूबर को वह बार्सिलोना में ज्योतिष की कार्यशाला में भाग लेने गए थे। मंगलवार देर रात डायरिया से उनकी मौत हो गई।
कई समाचार पत्रों से जुड़े रहे
जयकृष्ण 90 के दशक में कई राष्ट्रीय समाचार पत्रों से जुड़े रहे। वह जाने-माने ज्योतिषविद थे। पिछले डेढ़ दशक से वह यूरोप के विभिन्न देशों में ज्योतिष की कार्यशाला में प्रत्येक वर्ष भाग लेने जाते थे। जयकृष्ण मसूरी प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष रहे। एक बार टिहरी जिला पंचायत सदस्य रहे।
गत वर्ष ज्योतिष के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए चंद्रकुंवर बर्त्वाल शोध संस्थान ने उन्हें सम्मानित किया था। शाह रोलर स्केटिंग और बिल्यिर्ड के बेहतरीन खिलाड़ी थे।
शोकसभा
उनके निधन पर मसूरी प्रेस क्लब में शोकसभा आयोजित की गई। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, कमांडर प्रकाश मेहरोत्रा, मुकेश लाल आदि मौजूद थे।