राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों के साथ अभद्रता व मारपीट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। अस्पताल की इमरजेंसी, आईपीडी और ओपीडी में विभिन्न शिफ्टों में कुल 250 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। वर्तमान में अस्पताल में केवल 95 सुरक्षाकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।
अस्पताल में प्रतिदिन करीब 2500 तक ओपीडी रहती है। मरीजों के साथ एक से दो तीमारदार भी पहुंचते हैं, जिससे अस्पताल परिसर में प्रतिदिन करीब सात हजार लोगों का आवागमन होता है। वहीं आईपीडी में भी मरीजों और तीमारदारों की भीड़ रहती है, जबकि इमरजेंसी में अधिकांश बेड भरे रहते हैं। ऐसे में कई बार तीमारदार डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से अभद्रता करते हैं। बीच-बचाव करने पर सुरक्षाकर्मियों से मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं।
जुलाई और अगस्त में ऐसी तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि 250 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।
इसके अलावा अस्पताल की निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। ओपीडी, आईपीडी और इमरजेंसी में 250 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी है। इसके लिए निदेशालय को पूर्व में पत्र भेजा जा चुका है। वर्तमान में अस्पताल परिसर में 190 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।