ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से घर लौट रहे सुरक्षाकर्मी जसवंत सिंह बिष्ट को कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल सुरक्षाकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रायपुर पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की ली है।
लोअर नेहरूग्राम निवासी पीड़ित अमित सिंह बिष्ट ने रायपुर पुलिस को शिकायत करते हुए बताया कि उनके पिता जसवंत सिंह बिष्ट 14 मार्च को ऑर्डिनेंस फैक्टरी के अस्पताल के गेट पर सुबह की पाली की ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से घर के लिए निकले थे। तभी एमईएस चौक के पास एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें सुरक्षा कर्मियों ने अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। रायपुर थाना प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कार चालक की तलाश की जा रही है।