- हरिपुर क्षेत्र में दुर्घटना की रोकथाम के लिए किए गए सुरक्षात्मक उपाय
विकासनगर। कैनाल रोड की सड़क धंसने से उत्पन्न हुई समस्या का समाधान कराने की दिशा में लोक निर्माण विभाग ने कार्य प्रारंभ कर दिया है। विभाग ने सबसे पहले मार्ग पर दुर्घटना की रोकथाम के लिए सड़क के धंस रहे हिस्से को पत्थर व पेंट से निशान लगाकर बंद कर दिया है।
बताते चलें कैनाल रोड का हरिपुर क्षेत्र स्थित एक हिस्सा धंस गया था। सड़क के नीचे की मिट्टी धंस जाने से लगभग छह फीट से भी अधिक गहरे दो होल बन गए थे, जिसके कारण मार्ग पर दुर्घटना का खतरा बढ़ गया था। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जानकारी मिलने के तुरंत बाद सड़क पर दुर्घटना की रोकथाम के लिए उपाय करना शुरू कर दिए है। विभाग के सहायक अभियंता हिमांशु नौटियाल ने बताया सड़क के नीचे की मिट्टी काफी धंस गई है, जिससे किसी वाहन के गुजरने के दौरान हादसा हो सकता है। उन्होंने बताया फिलहाल वाहन चालकों को जागरुक करने के लिए धंसे हुए हिस्से की निशानदेही करने के साथ उसे पत्थर आदि लगाकर बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा, शीघ्र ही सड़क को ठीक कराया जाएगा।