उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की आज होने वाली पटवारी-लेखपाल भर्ती परीक्षा पुलिस के कड़े पहरे में होगी। पूरे जनपद में धारा 144 लागू कर दी गई है। जनपद को तीन सुपरजोन, आठ जोन, 14 सेक्टर और 72 सब-सेक्टर में बांटा गया है। सुपर जोन की जिम्मेदारी एसपी, जोन की डीएससपी, सेक्टर की थाना प्रभारी और सब सेक्टर की जिम्मेदारी दरोगा को दी गई है। सभी सेंटरों पर एक एएसआई तैनात रहेगा। पुलिस ने अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि निर्धारित समय 11 बजे से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें ताकि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय से पूरी हो सकें।
आठ जनवरी को हुई पटवारी-लेखपाल भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद इसे रद्द कर दिया गया। इस मामले में एसटीएफ ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। अब यह परीक्षा 12 फरवरी को होगी। इसे शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन के साथ ही पुलिस ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कड़े पहरे में 72 केंद्रों पर 29 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट और पांच जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं।
हर परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अभ्यर्थियों की गहनता से चेकिंग होगी। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रानिक और संचार उपकरण, मोबाइल, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, घड़ी आदि को परीक्षा केंद्र लाने पर प्रतिबंध है। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि सोशल मीडिया पर पुलिस पैनी नजर रख रही है। परीक्षा के संबंध में किसी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध पुलिस कठोर कार्रवाई करेगी। केंद्र से 200 मीटर की परिधि में किसी भी अनावश्यक व्यक्ति का घूमना प्रतिबंधित है।
परीक्षार्थियों के लिए होगा पर्याप्त बसों का इंतजाम
परीक्षार्थियों के लिए परिवहन निगम पर्याप्त बसों का इंतजाम करेगा। मंडलीय प्रबंधक संजय गुप्ता ने बताया कि शनिवार को देहरादून आए परीक्षार्थियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए 50 से ज्यादा बसों को इंतजाम किया गया था। उत्तरकाशी के लिए 15, पुरोला के लिए पांच, बड़कोट के लिए तीन, गोपेश्वर के लिए पांच, जोशीमठ के लिए दो और रुड़की, हरिद्वार, विकासनगर, कोटद्वार के लिए भी अतिरिक्त बसें चलाई गईं। आज भी अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी।