bjp mla protest in uttarakhand assembly premises
- फोटो : rajeev gupta/ amarujala
उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दूसरे दिन भाजपा ने सत्र का बहिष्कार कर दिया। नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट के नेतृत्व में सभी भाजपा विधायक विस के अंदर धरने पर बैठ गए। उधर, सदन की कार्यवाही जारी रही।
गुरुवार के हंगामे और विनियोग विधेयक पास होने के बाद सत्र के दूसरे दिन विपक्ष ने सत्र का बहिष्कार कर दिया। भाजपा के विधायक विधानसभा के अंदर सीढ़ियों पर मुंह पर काली पट्टी बांध कर धरने पर बैठ गए। जिसके बाद सभी विधानसभा भवन से चले गए।
शुक्रवार को विधानसभा सत्र से पहले भाजपा विधानमंडल दल की बैठक हुई, जिसमें सदन का बहिष्कार करने का फैसला लिया गया। नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट के नेतृत्व में भाजपा विधायक गणेश जोशी, पुष्कर सिंह धामी, मुन्ना सिंह चौहान, हरबंस कपूर, संजय गुप्ता, राजकुमार ठुकराल सहित अन्य विधायक मुंह पर पट्टी बांधकर धरने पर बैठ गए।
उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र का अंतिम दिन शुक्रवार को यानी आज है। शुक्रवार सुबह 10 बजे भाजपा विधानमंडल दल की मीटिंग बुलाई गई, जिसमें अगली रणनीति तय की गई।
गुरुवार को ही नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने बता दिया था कि वैसे हमारे अधिकांश विधायक अब सदन की कार्यवाही में भाग लेने के मूड में नहीं हैं, क्योंकि सदन गैर लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है।