प्रो. यूबी मिश्रा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव महिला के संपर्क में आए लोगों की जांच चल रही है। इन सभी को होम क्वारंटीन किया जाएगा। स्वामी विवेकानंद अस्पताल नैनीताल और श्रीराममूर्ति अस्पताल बरेली में महिला के संपर्क में करीब 50 लोग आए हैं। साथ ही दो मरीज और दो तीमारदारों को भी चिह्नित किया गया है।
बताया कि संस्थान में महिला के प्राइमरी व सेकेंड्री कांटेक्ट में आए करीब 70 से 80 स्टाफ को क्वारंटीन किया जा रहा है। इंस्टीट्यूट में पर्याप्त स्थान नहीं होने के कारण जिला प्रशासन से मदद ली जा रही है। बताया कि संस्थान में भर्ती कोविड-19 संक्रमित यूरोलॉजी विभाग के नर्सिंग ऑफिसर की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
थाना मुनि की रेती और लक्ष्मण झूला क्षेत्र के लोगों को यदि दून जिले में प्रवेश करना है तो उन्हें मेडिकल हिस्ट्री साथ रखनी होगी। थाना मुनी की रेती ने इसके लिए गाइडलाइन जारी की है। प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि लक्ष्मण झूला मुनी की रेती क्षेत्र के निवासी मेडिकल इमरजेंसी में ही ऋषिकेश जा पाएंगे। इसके लिए उन्हें मेडिकल हिस्ट्री साथ रखनी होगी। इस क्षेत्र के निवासी सामान्य तौर पर सब्जी राशन लेने के लिए ऋषिकेश नहीं जा पाएंगे।
तपोवन क्षेत्र के लोग भी आवश्यक सामान तपोवन से ही खरीदेंगे। वह कैलाश गेट भी नहीं जा पाएंगे। होटल कर्मचारी निजी सुरक्षाकर्मी अपने होटल में ही निवास करेंगे। सरकारी कर्मचारी भी ऋषिकेश क्षेत्र से मुनी की रेती नहीं जा पाएंगे। यदि सरकारी कर्मचारियों के पास रहने की व्यवस्था नहीं है तो उन्हें प्रशासन होटल में कमरे उपलब्ध करा सकता है। मेडिकल इमरजेंसी और अनुमन्य पास के अलावा ऋषिकेश अंतर्जनपदीय बॉर्डर क्रॉस करना लॉकडाउन का उल्लंघन माना जाएगा। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस दौरान बिना अनुमति राशन बांटने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।