शहर की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए मंगलवार को एसडीएम और नगर पालिका अध्यक्ष की अगुवाई में सरकारी मशीनरी शहरभर में घूमी तो उन्हें हकीकत से रूबरू होना पड़ा। रोडवेज बस अड्डा, स्टेशन रोड, नजीबाबाद रोड पर दुकानदार भारत स्वच्छ मिशन को पलीता लगाते नजर आए।
इस दौरान अतिक्रमणकारियों को हटाया गया। सफाई व्यवस्था के लिए दुकानदारों ने नगर पालिका को जिम्मेदार ठहराया। इस दौरान उनकी प्रशासन के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई।
मंगलवार को एसडीएम राकेश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष रश्मि राणा, एआटीओ आरएस कटारिया, एसएसआई मो. युनूस सरकारी लावलश्कर के साथ सड़क पर उतरे। स्टेशन रोड पर गंदगी से भरी नालियों को देखकर एसडीएम चौंक गए।
उन्होंने नगर पालिका को नालियों के ऊपर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश देते हुए सफाई व्यवस्था बनाने को कहा। रोडवेज बस अड्डे पर बदहाल शौचालय से उठ रही दुर्गंध के कारण वहां यात्रियों का बैठ पाना मुश्किल हो रहा था। शौचालय की बदहाल हालत पर एसडीएम और एआरटीओ हैरान रह गए।