गंगोत्री हाईवे पर स्कार्पियो के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार जीजा-साले की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार दोपहर बाद गंगोत्री हाईवे पर हर्षिल और झाला के बीच एक स्कार्पियो करीब 60 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। सीओ जीएल कोहली ने बताया कि सौजन्य उनियाल (37) पुत्र रामचंद्र उनियाल, निवासी ज्ञानसू, मनोज नौटियाल (35) पुत्र महिमानंद नौटियाल, निवासी मुखबा और मनीष सेमवाल (30) पुत्र स्व. विनोद सेमवाल, निवासी गणेशपुर स्कार्पियो से सोमवार को हर्षिल में बर्फबारी देखने गए थे।
मंगलवार को वे लौट रहे थे, तभी झाला के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि हर्षिल से लौटते समय सुक्खी के पास उनसे एक अन्य व्यक्ति ने लिफ्ट मांगी थी, जो झाला के पास उतर गया था। झाला में उतरे व्यक्ति ने ही दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी।