देहरादून के तरुण विहार में तेज गति से दौड़ रही स्कूटी के फिसलने से हाईस्कूल के छात्र की मौत हो गई। जबकि हादसे में गंभीर घायलउसके साथी की हालत नाजुक बनी हुई है। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मचा है। बताया जा रहा है दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था।
केदारपुरम स्थित एमडीडीए कालोनी निवासी हार्दिक सिंह बिष्ट (हरदीप) (15) और बंजारावाला के कुंज विहार निवासी सौरभ गुसाईं (16) पब्लिक में हाईस्कूल के छात्र हैं। शाम को दोनों दोस्त स्कूटी पर सवार होकर तरुण विहार (बंगाली की कोठी के पास) गए थे।
रास्ते में तेज गति से दौड़ रही स्कूटी असंतुलित होकर सड़क पर फिसल गई। नतीजतन दोनों दोस्त काफी दूर तक घिसटते हुए चले गए। हादसे में दोनों को सिर के अलावा शरीर के हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं।
घायलों को सीएमआई अस्पताल लाया गया, जहां हार्दिक की मौत हो गई। जबकि सौरभ की हालत नाजुक बनी हुई है। हार्दिक की मौत के बाद से मां का रोते-रोते बुरा हाल है।
नेहरू कालोनी के कार्यवाहक प्रभारी नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि हादसा तेज गति की वजह से हुआ है। इनमें से कोई भी हेलमेट नहीं पहने था।