उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डा. धन सिंह रावत
- फोटो : फाइल फोटो
नए साल में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में विद्यालयी शिक्षा विभाग के सभी विद्यालय दरी मुक्त होंगे। यह बात मंगलवार को विधानसभा सभाकक्ष में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कही। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डा.धन सिंह रावत ने कहा कि कुटखाल और चौपताखाल में इंटर कालेज खोले जाएंगे। इसके अलावा मासो गांव व श्रीनगर एसएसबी में केंद्रीय विद्यालय भी खुलेगा।
समीक्षा के दौरान विद्यालयी शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले स्कूलों के 17 हजार बच्चों के लिए फर्नीचर दिया जा चुका है। शेष बचे विद्यालयों में भी जल्द फर्नीचर की व्यवस्था की जा रही है। इसके बाद क्षेत्र के सभी 20276 बच्चे स्कूलों में कुर्सी-मेज पर बैठ कर पढ़ाई करेंगे।
यह फर्नीचर मार्च 2020 तक हरहाल में उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस पर मंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 तक हर स्कूल में पानी, फ र्नीचर, शौचालय, कंप्यूटर एवं स्मार्ट क्लास की सुविधा दी जाए। अध्यापकों की कमी वाले स्कूल में स्मार्ट क्लास, ई.लर्निंग और वर्चुअल क्लास की सुविधा बच्चों को दी जाए।
प्रत्येक डिग्री कालेज लेगा एक गांव को गोद
उच्च शिक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा में अभिनव प्रयोग के तौर पर प्रत्येक छात्र एक व्यक्ति को साक्षर करेगा। इसके साथ ही प्रत्येक डिग्री कालेज एक गांव को गोद लेगा। उन्होंने कहा कि श्रीनगर विस क्षेत्र के कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। प्रयास किया जा रहा है कि इस कमी को दूर किया जा सके।