कांवली रोड पर मंगलवार सुबह कूडे़ में नवजात बच्ची का शव पड़ा मिला। बच्ची एक दिन की प्रतीत हो रही है। पुलिस ने अज्ञात अभिभावकाें के खिलाफ नवजात का परित्याग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मार्ग के कई सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया है।
शहर की लक्ष्मण चौक चौकी पुलिस को मंगलवार सुबह नौ बजे सूचना मिली कि कांवली रोड पर नाले के पास बने कूड़ा स्थल पर नवजात का शव पड़ा मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नवजात के शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने बताया कि नवजात एक दिन की बच्ची प्रतीत हो रही है।
जाहिर है कि रात के अंधेरे में कोई शख्स नवजात को फेंक गया है। इस मामले में पुलिस की तरफ से अज्ञात अभिभावकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नवजात को फेंकने वालों के बारे में पता लगाया जा रहा है। आसपास के कई सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करने के साथ कई प्राइवेट क्लीनिक संचालकाें से भी बातचीत की गई है।