मौसम विभाग की ओर से सोमवार को बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी सोनिका ने 10 जुलाई को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी शासकीय, गैर शासकीय स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश दिए हैं। वहीं, रविवार को लगातार दूसरे दिन हुई बारिश से जलभराव और जाम से लोगों को जूझना पड़ा। दून का अधिकतम तापमान भी पांच डिग्री लुढ़ककर 26 डिग्री सेल्सियस आ गया।
मौसम विभाग ने सोमवार को जिले के कुछ इलाकों में तेज बौछार वाली बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। डीएम सोनिका ने अलर्ट को देखते हुए स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है। हालांकि, जिन स्कूल एवं कॉलेजों में परीक्षा कार्यक्रम पूर्व निर्धारित हैं उनके लिए छुट्टी का आदेश प्रभावी नहीं होगा। रविवार तड़के से शुरू हुई हल्की-हल्की बारिश का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। जबकि दिन में कई बार तेज बारिश हुई। इससे एस्लेहॉल, रेलवे स्टेशन चौक, माजरा चौक, आईएसबीटी चौक, प्रिंस चौक आदि जगहों पर जलभराव हुआ। बारिश से कई जगह जाम की भी समस्या देखने को मिली। खासकर डालनवाला, राजपुर रोड, और आईएसबीटी के पास लगे जाम से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। उधर जाम से बचने के लिए मसूरी डाइवर्जन से यातायात को डायवर्ड कर किनशपुर गांव से होते हुए कैनाल रोड की ओर भेजा गया।
देहरादून का तापमान
सूर्याेदय: 5:24
सूर्याेस्त: 07:23
अधिकतम: 28
न्यूनतम: 23