मूल्यागांव (टिहरी गढ़वाल) में बनाए जा रहे पतंजलि सेवाश्रम के भूमि पूजन कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंची पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार की एक छात्रा अलकनंदा नदी में बह गई। पुलिस के रेस्क्यू अभियान के बाद भी छात्रा का पता नहीं चल पाया है।
देवप्रयाग से 11 किमी दूर मूल्यागांव में मंगलवार को पतंजलि योगपीठ की ओर से भूमि पूजन कार्यक्रम में हरिद्वार, देहरादून सहित कई स्थानों से बड़ी संख्या में बाबा रामदेव के अनुयायी पहुंचे थे।
पढ़ें, यहां पानी का सवाल करेगा नेताजी को 'पानी-पानी'
कार्यक्रम में पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार के छात्र भी शामिल थे। करीब साढ़े 12 बजे छात्रों का एक दल नदी के किनारे चला गया।
सहेली को बचाने के लिए कूद पड़ी नदी में
नदी किनारे गया छात्रों का दल पानी में उतरकर फोटो खिंचवाने लगा। इसी दौरान बीए तृतीय वर्ष की छात्रा सौम्या पुत्री कृपालराम निवासी एटा उत्तर प्रदेश का पैर फिसल गया और वह नदी की धारा में बहने लगी।
उसे बचाने के लिए उर्वशी, अमित काठी और निसर्ग ने भी नदी में छलांग लगा दी। सौम्या को तो उसके साथियों ने बचा लिया, लेकिन एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा उर्वशी (22) पुत्री ओमप्रकाश निवासी रानीबाग कालोनी, धामपुर (बिजनौर) उत्तर प्रदेश पानी की तेज धारा में बह गई।
छात्रा के नदी में बहने से हड़कंप मच गया। छात्रा की खोजबीन के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। मुनिकीरेती से पहुंचे गोताखोर भी छात्रा की खोजबीन में जुट गए हैं।
सौम्या के बेहोश होने से उसे उपचार के लिए देवप्रयाग के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
सोचा नहीं था बुरे सदमे के साथ होगी वापसी
हंसते-गाते मूल्यागांव पहुंचे पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार के छात्रों ने सोचा भी नहीं होगा कि एक बुरे सदमे के साथ उनकी वापसी होगी। कई छात्र रोते हुए बोले उर्वशी दिलेर थी। इसलिए तो दोस्त के नदी में बहने पर अपनी जान की परवाह किए बिना तेज धाराओं में कूद गई।
साथ छात्रों का कहना था कि हंसमुख, मिलनसार और दयालु स्वभाव की उर्वशी हमेशा दूसरों के लिए दूसरों को जान देने को तैयार रहती।
छात्रावास अधीक्षक प्रज्ञा ने बताया कि वह दूसरों की मदद के लिए हमेशा आगे रहती। आज भी उसकी जूनियर छात्रा का जब फोटोग्राफी करते हुए पैर फिसल गया, तो वह उसको बचाने के लिए नदी में ही कूद गई।
एमए प्रथम वर्ष की मधु त्रिपाठी घटना के बाद से उदास दिखी। उर्वशी के बारे में पूछने पर वह भी फूट-फूटकर रोने लगी।
बाबा रामदेव और बालकृष्ण ने किया भूमि पूजन
टिहरी गढ़वाल के मूल्यागांव में पतंजलि योगपीठ की तरफ से बनाए जा रहे पतंजलि सेवाश्रम की भूमि का पूजन बाबा रामदेव और योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने किया।
इस मौके पर बाबा रामदेव ने कहा कि सौ नाली भूमि में तैयार होने वाला सेवाश्रम एक साल में तैयार हो जाएगा। सेवाश्रम में आपदा प्रभावित परिवारों के बच्चों को निशुल्क आवासीय शिक्षा दी जाएगी।
मंगलवार को ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर स्थित मूल्यागांव में भूमि पूजन कार्यक्रम के मौके पर बाबा रामदेव ने कहा कि सेवाश्रम बनने के बाद क्षेत्र को विश्व के मानचित्र स्थान मिलेगा। सेवाश्रम में विश्व स्तरीय योगपीठ भी बनाएंगे।