राजधानी के सिनेमा हॉल में अब स्कूली ड्रेस पहने छात्रों की एंट्री पर पाबंदी लगा दी गई है। आर्यन छात्र संगठन ने इस मामले पर डीएम से बात की तो उन्होंने मनोरंजन कर अधिकारी को इस बाबत आदेश जारी करने के निर्देश दे दिए। छात्रों को नशा मुक्त करने के लिए एसएसपी को एक हेल्पलाइन नंबर जारी करने के आदेश दिए गए।
बृहस्पतिवार को डीएवी के छात्रसंघ महासचिव सचिन थपलियाल के नेतृत्व में छात्रों का दल डीएम रविनाथ रमन से मिला। उन्होंने डीएम से शिकायत की कि स्कूली समय में तमाम सिनेमा हॉल्स में स्कूली छात्र फिल्म देखते हुए पाए जाते हैं। इस वजह से वह दिशा भटक रहे हैं और नशा भी करते हैं।
डीएम ने दिए निर्देश
उन्होंने इसके लिए सिनेमा हॉल को निर्देश देने की मांग की। मौके पर ही डीएम ने मनोरंजन कर अधिकारी को फोन कर निर्देश दिए कि वह सभी सिनेमा हॉल को इस बात का आदेश दें कि वह स्कूली ड्रेस में आने वाले छात्रों को फिल्म का टिकट न दें। डीएम ने नशा मुक्ति के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी करने के बाबत एसएसपी को निर्देश दिए।
इस मौके पर पूर्व महासचिव भगवती प्रसाद, महेंद्र पाली माही, सूरज कोहली, पंकज हटवाल, यशवंत नेगी, कुलवंत पंवार, आकाश गौड़, राजेंद्र नेगी, शिवा वर्मा मौजूद रहे।