कहा, एलटी से प्रवक्ता एवं प्रधानाध्यापक के पदों पर पदोन्नति में लाएं तेजी
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि एससीईआरटी का ढांचा यूजीसी के मानकों के अनुरूप बनेगा। उन्होंने यह बात एससीईआरटी सभागार में विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कही।
शिक्षामंत्री ने अधिकारियों को प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की नियुक्ति शीघ्र करने के निर्देश दिए। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय एवं अन्य राजकीय आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण के लिए प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य एवं अध्यापकों की स्थायी नियुक्ति के लिए नियमावली तैयार करने को कहा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया इसी माह शुरू की जाए। जिसमें स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा सहायक अध्यापक एलटी से प्रवक्ता एवं प्रधानाध्यापक के पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शीघ्र की जाए। बैठक में निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन, अपर सचिव रंजना राजगुरू, महानिदेशक दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक मुकुल कुमार सती, निदेशक बेसिक अजय नौडियाल, निदेशक एससीईआरटी वंदना गब्र्याल, वित्त नियंत्रक वीरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।