हर साल करोड़ों रुपये के बजट वाले राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के पास राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण के परिणाम से संबंधित रिपोर्ट तैयार करने के लिए 20 हजार रुपये नहीं हैं। एससीईआरटी ने समग्र शिक्षा से इसकी मांग की है, लेकिन समग्र शिक्षा की ओर से यह कहते हुए इनकार कर दिया गया कि एमईई मद से इस धनराशि को खर्च किया जाए।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से समग्र शिक्षा को लिखे पत्र में कहा गया है कि एनसीईआरटी नई दिल्ली के निर्देश के अनुसार राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण 2021 के परिणाम से संबंधित एक रिपोर्ट तैयार कर इसे 31 अगस्त 2022 तक एनसीईआरटी नई दिल्ली को भेजा जाना है। इसके लिए अनुमानित 20 हजार रुपये की धनराशि मंजूर की जाए। इस पर समग्र शिक्षा के अपर राज्य परियोजना निदेशक डॉ.मुकुल कुमार सती की ओर से एससीईआरटी के अपर निदेशक को पत्र लिखकर कहा गया है कि एससीईआरटी को पहले ही एमईई मद में पांच लाख की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। प्रस्तावित व्यय इस धनराशि से कर लिया जाए।