सिंचाई विभाग में कार्यरत सफाईकर्मियों को मानदेय न मिलने पर यमुना कालोनी में विधान सभा अध्यक्ष ?
देहरादून। दो माह से मानदेय न मिलने से भड़के सिंचाई विभाग में कार्यरत सफाईकर्मियों ने बृहस्पतिवार को यमुना कॉलोनी स्थित मंत्री आवास के बाहर कूड़ा फैलाकर प्रदर्शन किया। इसके अलावा आक्रोशित कर्मचारियों ने कॉलोनी में भी कूड़ा फैलाने से गुरेज नहीं किया। हालांकि मंत्री आवास के बाहर कूड़ा फैला तो सिंचाई विभाग के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद विभाग से एक दिन का समय मांगा गया तब जाकर सफाईकर्मियों ने देर शाम कूड़ा उठाना शुरू किया।
बृहस्पतिवार दोपहर को कई सफाईकर्मी सिंचाई विभाग मुख्यालय में बकाया मानदेय लेने पहुंचे थे, लेकिन भुगतान से मना कर दिया गया। इसके बाद सफाईकर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा और कई मंत्रियों के सरकारी आवास समेत महत्वपूर्ण स्थानों पर कूड़ा फैलाना शुरू कर दिया। वन मंत्री व विधानसभा अध्यक्ष के आवास के बाहर सड़क पर भी कूड़ा फैला दिया गया। इस पर स्थानीय पार्षद सुमित्र ध्यानी ने भी सफाईकर्मियों की समस्या पर विभागीय अधिकारियों के रुख पर नाराजगी जताई। इसके बाद अधिकारी हरकत में आए। करीब एक घंटे के भीतर सिंचाई विभाग के प्रतिनिधि के रूप में एई बीएस असवाल को मौके पर भेजा गया। बीएस असवाल ने उन्हें अगले दिन तक बकाये का भुगतान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद सफाई कर्मियों ने कूड़े का उठान शुरू किया। देर रात तक सफाईकर्मी कूड़ा उठाने में लगे रहे। सफाईकर्मियों के सुपरवाइजर गुड्डू ने कहा कि विभाग में ऑउटसोर्सिंग से 15 सर्फाईकर्मी रखे गए हैं। जिन्हें दो महीने से मानदेय नहीं दिया गया है। विभागीय अधिकारी बात करने को तैयार नहीं हैं और ठेकेदार भुगतान करने से साफ मना कर दिया है। इससे सफाईकर्मियों के परिवार पर दो वक्त की रोटी का संकट मंडरा रहा है।