यूपीसीएल में 240 करोड़ रुपये की केंद्र पोषित योजना में कथित घोटाले पर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने संज्ञान लिया है। पीएमओ ने उचित कार्रवाई के लिए मामला राज्य सरकार को रेफर किया है।
आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनूप नौटियाल ने पीएमओ से इसकी शिकायत की थी। नौटियाल ने पीएमओ को भेजी शिकायत में बताया कि केंद्र द्वारा रिस्टेक्ट्रेड ऐसेलीरेटेड पावर डेवलपमेंट एंड रिफार्म्स (आरएपीडीआरपी) योजना के तहत शहरी क्षेत्र में विद्युत वितरण व्यवस्था सुधारने के लिए राज्य को 240 करोड़ रुपये की सहायता की गई थी।
विद्युत वितरण व्यवस्था सुधारने का कार्य करीब दो साल पहले उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) द्वारा शुरू किया गया। आरोप है कि यूपीसीएल द्वारा टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी करते हुए करोड़ों रुपये की हेराफेरी की गई। शिकायत में यूपीसीएल प्रबंधन और कुछ अधिकारियों पर मिलीभगत लगाते हुए केंद्र के पैसे को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया गया।