चौबट्टाखाल तहसील क्षेत्र में पेड़ काटने की अनुमति देने के एक मामले में महिला उपनिरीक्षक को धमकाने का ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। राजस्व उपनिरीक्षक की शिकायत पर राजस्व पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
तहसीलदार चौबट्टाखाल गिरीश चंद्र पोखरियाल ने बताया कि मंगलवार दोपहर ढाई बजे अमित रावत पुत्र राजेंद्र सिंह, ग्राम ककतुन विकासखंड एकेश्वर, हाल निवास पौड़ी पटवारी चौकी पहुंचा। यहां आरोपी गुराडस्यूं प्रथम की महिला राजस्व उपनिरीक्षक कविता फरस्वाण के साथ गाली गलौच करते हुए धमकाने लगा। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पेड़ काटने के संबंध में अनुमति मांगी थी, लेकिन लिखित में कुछ नहीं दिया था।
अनुमति न मिलने से भड़के अमित रावत ने अपने को उत्तराखंड सरकार के एक मंत्री का खास आदमी बताते हुए शाम तक अनुमति न मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। राजस्व उपनिरीक्षक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 151, 107/116 में मुकदमा दर्जकर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
महिला राजस्व उपनिरीक्षक ने तहसीलदार को बताया कि आरोपी उसे पूर्व में भी उसका ट्रांसफर कराने की धमकी दे चुका है। सोशल मीडिया पर राजस्व उपनिरीक्षक व आरोपी की मोबाइल पर कथित बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया। यह ऑडियो 15 मई का बताया जा रहा है। आरोपी को एसडीएम चौबट्टाखाल के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पौड़ी जेल भेज दिया गया है।