कांग्रेस ने हरिद्वार जिले के लंढौरा में आयोजित सतत विकास संकल्प यात्रा से विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया। इस मौके पर सीएम और प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। सीएम हरीश रावत ने मतदाताओं का आह्वान किया कि उनके पास जिले की 11 सीटों पर इतिहास बनाने का मौका है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने प्रधानमंत्री को ठग की संज्ञा देते हुए नोटबंदी से पैदा हुए हालात पर चिंता व्यक्त की।
पूर्व प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी के जन्म दिन पर अस्पताल परिसर में सतत विकास संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए सीएम हरीश रावत ने केंद्र की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये क्या जाने कौमी एकता का मूल्य। दिल्ली से घृणा बांटने का काम करने वालों को कौमी एकजुटता से जवाब देने का मौका आ गया है। सीएम ने कहा कि मैं इंदिरा गांधी की सीख को अपनी चिता तक साथ लेकर जाऊंगा। कांग्रेस ने धर्मनिरपेक्षता और कौमी एकता को आगे रखकर चलने का काम किया है।
उन्हें मात्र ढाई साल काम करने का मौका मिला। इस दौरान आपदा ने उत्तराखंड को बिखेर कर रख दिया था। हताश उत्तराखंड को उन्होंने फिर से बदला। घाड़ क्षेत्र में नौ पुलों का निर्माण कराया। कोई सड़क, नाले, नालियां, गदेरे नहीं छोड़े। हर जगह विकास योजनाओं को पहुंचाया। उन्होंने कहा कि हमने अर्द्धकुंभ में 700 करोड़ दिए। केंद्र ने एक फूटी कौड़ी नहीं दी। आगे मौका मिला तो पूर्ण कुंभ में हरिद्वार को प्रयाग महाकुंभ के मुकाबले में खड़ा कर दूंगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने नोट बंदी पर चिंता जताते हुए कहा कि जैसे हालात हैं उससे कहीं इससे देश में दंगे फसाद न हो जाएं। उन्होंने सीएम रावत से गुजारिश की नोटबंदी से परेशान लोगों की सहायता की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गन्ने की कीमतों को बढ़ाया जाए। इस मौके पर कार्यक्रम आयोजक चौधरी यशवीर सिंह, विधायक फुरकान अहमद, विधायक ममता राकेश, गौरव चौधरी, पूर्व विधायक काजी निजामुद्दीन, पूर्व मंत्री रामसिंह सैनी, एसपी सिंह इंजीनियर, मनोहरलाल शर्मा, सतपाल ब्रह्मचारी, प्रदेश सचिव विजय कुमार कश्यप आदि मौजूद रहे।
उनके समय में भी हुई थी सर्जिकल स्ट्राइक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री भवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि उनके समय में कई बार सर्जिकल स्ट्राइक हुई। लेकिन कांग्रेस ने कभी इसका प्रचार नहीं किया। भाजपा ने नोटबंदी करके जो सर्जिकल स्ट्राइक आमजनता पर की है। उसे इतिहास के काले पन्नों में याद किया जाएगा। वहीं प्रदेश सहप्रभारी संजय कपूर ने कहा कि नोटबंदी एक डिक्टेटर का फैसला है।
पैतृक के अलावा मेरे पास नहीं एक इंच जमीन
सीएम ने कहा कि विपक्ष सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाता है। मांग करता हूं कि मेरी और चार पूर्व मुख्यमंत्रियों की जांच करा लें और ये गरीब हैं तो अपनी दौलत अमीर हरीश रावत से बदल लें। यहां तक की मैं अपनी दौलत प्रेम आश्रम हरिद्वार से बदलने को तैयार हूं। उन्होंने कहा कि हकीकत यह है कि मेरे पास मेरी पैतृक जमीन के अलावा एक इंच जमीन नहीं है।
आजू जाजू खाजू आकर कर गए चोरी
बागी हुए विधायकों के प्रकरण पर सीएम ने खूब चुटकिया ली। कहा कि दिल्ली से न जाने कौन श्याम जाजू, आजू खाजू आए। जो बकरी के चारे की तरह हरी हरी नोट लेकर विधायकों को खरीद ले गए और मुझ पर सीबीआई का मुकदमा मढ़वा दिया। उन्होंने मजाक के लहजे में कहा कि दुनिया में एक गणेश भगवान की गर्दन जोड़ी गई थी और दूसरा हरीश रावत है, जिसकी जहाज में सफर के दौरान गर्दन टूटी और उसे हाईकोर्ट ने जोड़ा। इस पर जनसभा ठहाकों से गूंज उठी।
कांग्रेस जीती तो देश कहेगा शुक्रिया उत्तराखंड
सीएम ने मार्च में आगामी चुनाव के संकेत दिए। कहा कि प्रदेश में मार्च में चुनाव होने हैं। लोगों से आह्वान किया कि उत्तराखंड की जीत से आगे का रास्ता तय होगा और 2019 में राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे तब देश उत्तराखंड का शुक्रिया अदा करेगा। उन्होंने कहा कि पीएम का स्टार्ट अप तो अब शुरू हुआ है। जबकि उनका प्रदेश में उनका स्टार्ट तो कभी का शुरू हो चुका है। प्रदेश सरकार ने दो हजार युवाओं को ऋण दिलाकर स्वावलंबी बनाने काम किया है।
कुछ ऐसा इश्क हुआ है जो छूटे नहीं छूट रहा
सीएम हरीश रावत ने शायराना अंदाज में भावनात्मक भाषण दिया। कहा, उन्हें हरिद्वार के लोगों की खिदमत का चस्का लग गया है। कुछ ऐसा इश्क हो गया है जो छूटे नहीं छूट रहा है। कहा कि यदि वे मुख्यमंत्री नहीं रहे तो गली-गली में टटोलते फिरोगे कि कहां गया वह सीएम जो हर जगह किसी भी समय मिल जाता था।