नगर कोतवाली क्षेत्र की एक धर्मशाला में ठहरी महिला को लेने आए हरियाणा पुलिस के जवानों को जूना अखाड़े के एक संत ने अपने समर्थकों के साथ दौड़ा- दौड़ा कर पीटा और उनकी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। मामला कोतवाली पहुंचने पर संत और हरियाणा पुलिस के बीच सुलह हो गई।
भोलागिरि रोड पर देवीबाई सिंधी धर्मशाला है। शनिवार की सुबह करीब आठ बजे हरियाणा के सदर थाने जिला हिसार में तैनात हेड कांस्टेबल जसवीर तथा महिला कांस्टेबल कविता धर्मशाला पहुंचे।
धर्मशाला में ही हिसार के गांव मुलखान की रेखा पत्नी अमित तीन दिन से ठहरी हुई थी। वह परिजनों से नाराज होकर यहां आई थी। हरियाणा पुलिस के साथ रेखा का पति, मां एवं परिजन भी आए थे।
हरियाणा पुलिस जब महिला को लेकर चलने लगी तभी धर्मशाला में ठहरी एक दूसरी महिला हरियाणा के पुलिसकर्मियों के पास आई। आरोप लगाया कि पास में ही रहने वाला एक संत उसे परेशान कर रहा है।