सावन पर्व के अवसर पर केदारपुरम स्थित सिद्वेश्वर मंदिर में जलाभिषेक करते शिव भक्त।
सावन के पहले सोमवार को द्रोणनगरी भोले के जयकारों से गूंज उठी। दिनभर शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शिवलिंग पर जलाभिषेक कर बड़ों ने घर-परिवार के लिए सुख-समृद्धि तो युवाओं ने अच्छे जीवन साथी की कामना की।
युवाओं पर चढ़ा भक्ति का रंग
लड़कियां भगवान शंकर को अपना इष्ट देव मानती हैं और उन्हीं पर बहुत अधिक आस्था रखती हैं। भोले बाबा को प्रसन्न करने वाली लड़कियों को मनपसंद वर मिलता है।
- आयुषी सबरवाल
सावन में सोमवार का व्रत रखकर भगवान शिव को प्रसन्न कर सकते हैं। माना जाता है कि लड़कियां चारों सावन के सोमवार व्रत रखें तो उन्हें महादेव जैसे पति की प्राप्ति होती है।
- निकिता कठैत
भोले बाबा से मांगी हर मुराद पूरी होती है। सावन का महीना शिव की भक्ति का महीना होता है। भोले सहज ही प्रसन्न हो जाते हैं। मुझे भी भोले बाबा जैसा वर मिले।
- आकांक्षा बलूनी
सावन भगवान शिव का प्रिय मास माना जाता है। इस महीने में बाबा की पूजा, आराधना का विशेष महत्व होता है। इस माह में की गई उपासना का विशेष भक्तों को विशेष फल मिलता है।
- सोहन सिंह बिष्ट
शिवालयों में उमड़े भक्त
देहरादून। द्रोणनगरी के प्राचीन टपकेश्वर महादेव मंदिर में सुबह चार बजे महंत कृष्णा गिरि महाराज ने रुद्राभिषेक किया। जिसके बाद बाबा का दर भक्तों के लिए खोल दिया गया। सुबह से शाम तक सैकड़ों शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। भोले की भक्ति का यह नजारा शहर के हर शिवालय में देखने को मिला। किशनपुर कैनाल रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर, सहारनपुर चौक स्थित पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सहित शहर के सभी मंदिरों में सावन के पहले सोमवार को विशेष पूजा अर्चना की गई।