सोमवार देर रात जीएमएस रोड स्थिति एक बीयर शॉप में बीयर खरीदने गए युवक और सेल्समैन के बीच मारपीट हो गई। मौके पर दोनों पक्षों के लोगों के जुटने के बाद काफी देर तक हंगामा चलता रहा। आखिरकार पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके भीड़ को तितर-बितर किया।
दोनों पक्षों ने बाजार चौकी में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। घटनाक्रम के मुताबिक कांवली रोड निवासी सौरभ जीएमएस रोड स्थिति बीयर शॉप से बीयर खरीदने गया। यहां उसकी सेल्समैन से बहस हो गई। दोनों पक्षों ने फोनकर अपनी-अपनी तरफ से मौके पर कई लोगों को बुला लिया। इसके बाद हंगामा बढ़ गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके भीड़ को वहां से तितर-बितर कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष पटेलगनर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार चौकी पहुंच गए। यहां भी उन्होंने हंगामा काटा।
सौरभ का आरोप है कि सेल्समैन ओवररेट में बीयर बेच रहा था। इसका जब उसने विरोध किया तो सेल्समैन ने उसे बोतल फेंककर मारी। इससे उसे चोटें आई हैं। वहीं सेल्समैन दीपक जोशी का आरोप है कि सौरभ ने उसे पैसे नहीं दिए।
उसके साथ अभद्रता और मारपीट की है। बवाल की जानकारी मिलने पर एसएचओ पटेल नगर रितेश शाह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा दोनों पक्षों की तहरीर ले ली गई है। मामले की जांच कर जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।