महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में सातवीं कक्षा का एक छात्र पहली मंजिल से गिरकर घायल हो गया। कॉलेज के प्रधानाचार्य उसे लेकर सीएचसी रायपुर और फिर दून अस्पताल पहुंचे।
कच्चा प्लास्टर लगवाने के बाद परिजन उसे हायर सेंटर ले गए। वहीं, छात्र को विवाद में धक्का देकर छत से नीचे फेंके जाने की भी चर्चा है। हालांकि, प्रधानाचार्य मनोज शर्मा के अनुसार, बच्चे और परिजनों ने फिसलकर गिरने की बात कबूली है।
हरिद्वार निवासी हर्ष लोहान स्पोर्ट्स कॉलेज में सातवीं कक्षा का छात्र है। वॉलीबाल खिलाड़ी हर्ष रविवार दोपहर पहली मंजिल से नीचे गिर गया। नीचे गिरने पर उसे हाथों, पैर और मुंह में बहुत अधिक चोट आई।
छात्र के नीचे गिरने की सूचना मिलते ही कॉलेज में हड़कंप मच गया। प्रधानाचार्य और वार्डन उसे लेकर पहले सीएचसी रायपुर पहुंचे। वहां से उसे लेकर दून अस्पताल पहुंचे और परिजनों को भी सूचना दी।
दून अस्पताल में चिकित्सकों ने हाथ दो जगह से फ्रैक्चर होने की जानकारी दी। उन्होंने बच्चे के हाथ पर कच्चा प्लास्टर लगा दिया। इसी दौरान बच्चे के परिजन भी वहां पहुंच गए। प्रधानाचार्य और वार्डन से जानकारी लेने के बाद वे बच्चे को हायर सेंटर ले गए।
वहीं, इस घटना के बाद स्पोर्ट्स कॉलेज में छात्रों की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। छात्रों के बीच हर्ष को धक्का देकर नीचे फेंके जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि उसका कॉलेज में किसी के साथ विवाद हो गया, जिसके बाद यह घटना घटी।
हर्ष के परिजन आए थे, उन्होंने मौखिक बताया कि फिसलने से बच्चे को चोट लगी है।। वार्डन और मैं बच्चे को लेकर सीएचसी रायपुर पहुंचे। यहां सुविधाएं नहीं थी, लिहाजा हम उसे लेकर दून अस्पताल पहुंचे। वहां से परिजन उसे लेकर चले गए। बच्चे ने मुझसे भी कहा कि मैं फिसल गया था। बाकी सब कुछ सामान्य है।
-मनोज शर्मा, प्रधानाचार्य, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज