राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के टीचिंग अस्पताल स्टॉफ को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिल पाया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के पास बजट ना होने के कारण यह दिक्कत हो रही है। अस्पताल प्रबंधन ने जल्द वेतन की व्यवस्था होने का आश्वासन दिया है।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शामिल दून अस्पताल का तनख्वाह मद में प्रति माह करीब एक करोड़ 71 लाख रुपए का खर्चा है। करीब तीन माह बाद भी शासन से चिकित्सा शिक्षा विभाग को यह धनराशि नहीं मिल पा रही है।
गंभीर आर्थिक संकट
अस्पताल की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी पर्याप्त धनराशि नहीं मिल पा रही है। आलम यह है कि अस्पताल में चिकित्सकों समेत अन्य स्टॉफ के सामने गंभीर आर्थिक संकट पैदा हो गया है। दूसरी ओर प्रांतीय चिकित्सा संघ के डॉक्टरों को यह परेशानी नहीं झेलनी पड़ रही है। उनका वेतन स्वास्थ्य विभाग के खाते से आहरित होता है।
दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा ने बताया कि इस संबंध में शासन को अवगत कराया गया है। बजट की व्यवस्था होते ही वेतन जारी कर दिया जाएगा।